मौके पर आईजी ने दो घंटे की जांच, घटना के खुलासे के लिए दही, असोहा, पुरवा थाना सहित लगाई गईं पांच टीमें
फोटो-15
- बुधवार रात दुकान से घर जा रहे सराफा के साथ बदमाशों ने की थी 22 लाख की लूट
- घायल सराफा दुकानदार का लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव (मौरावां)। सराफा के साथ बुधवार रात हुई 22.20 लाख की लूट की घटना में गुरुवार दोपहर आईजी रेंज लखनऊ तरुण गाबा घटनास्थल पर पहुंचे। करीब आधे घंटे जांच की। वहीं, लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती सराफा की हालत गंभीर बताई गई है। लूटकांड को लेकर व्यापारी तबके में खासी नाराजगी है। व्यापारियों ने बदमाशों को जल्द पकड़ने की मांग की है।
घटना के दूसरे यहां पहुंचे आईजी ने एसपी और सीओ से अलग-अलग बात की। सराफ के साथ रहे किशोर से भी जानकारी ली। वहीं घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई। मौरावां थानाक्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव निवासी अमित कुमार सोनी उर्फ विक्की की असगरगंज चौराहे के पास सोने चांदी की दुकान है।
बुधवार रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर तीन सौ ग्राम सोने के आभूषण, चांदी व बिक्री का 20 हजार रुपये बैग में रख बाइक से घर जाने के लिए निकले थे। दुकान से सौ मीटर दूर रास्ते में एक मोबाइल की दुकान में काम करने वाला गांव का 16 वर्षीय फुरकान मिला। अमति ने उसे भी बिठा लिया। फुरकान को बिठाकर आगे जाने पर रास्ते में आड़ी-तिरछी खड़ी एक कार दिखाई दी।
अमित के ब्रेक लगाने पर कार की आड़ में छिपे स्कूटी सवार तीन लुटेरे सामने आए और रुपयों व ज्वैलरी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया था। विरोध करने पर लुटेरे सराफ के सिर पर तमंचे की कई बट मार उसे लहूलुहान कर बैग लेकर भाग निकले थे। लुटेरों ने साथ रहे किशोर को हाथ तक नहीं लगाया था।
घायल सराफ को परिजनों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। लूट की सूचना पर आईजी रेंज लखनऊ तरुण गाबा गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। यहां एसपी सिद्धार्थशंकर मीणा और सीओ सोनम सिंह के साथ एसओ भवन सिंह मौर्य पहले से उपस्थित थे। दोपहर 2:30 बजे तक रुकने के बाद वह लखनऊ रवाना हो गए।
इंसेट-1
एसओजी व सर्विलांस भी खुलासे में लगी
पुलिस अब हर हाल में घटना को अंजाम देने वालों की सुरागकसी में लगी है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी व सर्विलांस सक्रिय की गई है। वहीं पुरवा, असोहा और थाना पुलिस को भी लगाया गया है। सीओ सोनम सिंह ने बताया कि आईजी ने दो घंटे तक जांच की। खुलासे लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
इंसेट-2
घटनाओं का अब तक पुलिस नहीं कर पाई खुलासा
1-हसनगंज कोतवाली के इकबालगंज निवासी राजकिशोर रावत की अकबर गांव में ज्वैलर्स की दुकान है। 20 नवंबर 2023 को वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। न्योतनी-मुन्नीखेड़ा मार्ग पर बाइक सवार तीन नकाबपोश लुटेरों ने 25 हजार की नगदी सहित चार लाख का माल लूट लिया था। पुलिस ने लूट न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया था और लूट की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की थी।
2-बिहार थानाक्षेत्र में 22 जनवरी की रात शराब ठेके के सेल्समैन लोचीखेड़ा निवासी सतीश जायसवाल को बाइक सवार लुटेरों ने निशाना बनाया था। भगवंतनगर पुलिस चौकी से महज एक किलोमीटर दूर जंगल बुजुर्ग से पहले लुटेरों ने उसकी बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया था। जेब में पड़ी 1500 रुपये की नगदी और मोबाइल लुटेरे लूट ले गए थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के बजाय तीन दिन बाद पुलिस ने पीडि़त पर कानूनी प्रक्रिया का भय दिखाकर दबाव बनाया और बाइक गिरने से 15 सौ रुपये व मोबाइल गिर जाने की तहरीर ली थी।
कारोबारी बोले, बढ़ाई जाए गश्त
फोटो-17
शहर के सराफा कारोबारी वेदप्रकाश वेदू ने कहा कि पुलिस जल्द घटना का खुलासा करे। साथ ही क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ ही कारोबारियों को सुरक्षा भी दे।
फोटो-18
सराफा शिशिर गुप्ता ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से असुरक्षा का भाव आ जाता है। एसपी से पुलिस पिकेट बढ़ाने की मांग की है। पुलिस क्षेत्र में सक्रिय रहकर लगातार गश्त करे।