असोहा। भवलिया गांव में बिजली के खंभे पर चढ़कर फाल्ट सही करते समय बिजली आपूर्ति शुरू होने से संविदा लाइनमैन की करंट लगने से हुई मौत के मामले में मृतक के भाई ने शटडाउन लेने वाले संविदा कर्मी के साथ बिजली विभाग के अधिकारियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। खेत में ही शव दफन किया गया। हंगामे को देखते हुए दो थानों का फोर्स मौजूद रहा।
थानाक्षेत्र के गांव अलौदीमऊ निवासी गोविंद उर्फ गोलू (24) कालूखेड़ा पावर हाउस में संविदा पर लाइनमैन था। रविवार शाम तीन बजे कालूखेड़ा फीडर में पड़ने वाले गांव भवलिया की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने पर वह सही करने गया था। उसके साथ लाइनमैन गोविंद, मनोज और नकुल भी थे। फाल्ट सही करने के लिए उसने शटडाउन भी लिया था। लेकिन पावर हाउस से शटडाउन वापस लिए बिना ही आपूर्ति शुरू कर देने से फाल्ट सही कर रहे गोविंद की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मनोज और नकुल झुलसे थे।
निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हालत में सुधार है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन गोविंद का शव लेकर गांव पहुंचे। पुलिस ने मृतक के भाई अरविंद ने शटडाउन वापस लेने वाले सविंदाकर्मी विजय रावत और बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से भाई की जान जाने की तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शाम चार बजे खेत में शव दफन किया गया। रविवार को जाम लगाने के बाद से पुलिस भी सतर्क थी। मौके पर पुरवा कोतवाल राकेश गुप्ता, मौरांवा एसओ चंद्रकांत सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे। बिजली विभाग के जेई ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बेसिल कंपनी भर्ती करती है संविदा कर्मी
उपकेंद्रों में भर्ती संविदा लाइनमैन बेसिल कंपनी से हैं। बेसिल कंपनी के सर्किल इंचार्ज आशीष सैनी ने बताया की गोविंद निजी नलकूप की लाइन जोड़ने गया था। जबकि वह काम कंपनी के कार्य क्षेत्र में नहीं आता।