शुक्रवार को सीईओ टी. वेंकटेश ने लखनऊ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चुनाव संबंधी तैयारियों का जिलेवार जायजा लिया। दोपहर बाद जिले का नंबर आया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक नेहा पांडेय से मतदान को लेकर की गई व्यवस्थाओं और सुरक्षा के बाबत जानकारी ली। सीईओ ने अधिकारियों से कहा कि चुनाव की तिथि घोषित हो चुकी है। नामांकन की प्रकिया 24 जनवरी से शुरू होनी है। ऐसे में पोलिंग बूथों पर बिजली, पानी व शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। दिव्यांगों के लिए रैंप का निर्माण हर हाल में करा लिया जाए। जिले के अधिकारियों ने सीईओ को शहर से लेकर तहसीलों तक में चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया कि इस बार 75 प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने का काम तेजी के साथ चल रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही मुहिम की तारीफ करते हुए अधिकारियों को शाबाशी दी। साथ ही निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी जाए। चुनाव तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। समय रहते ही हर खांमी को दुरुस्त करा लिया जाए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में अपर पुलिस अधीक्षक आरएस गौतम भी मौजूद रहे।