उन्नाव। प्रधानी की सीटों के उप चुनाव का प्रचार थम गया है। पोलिंग बूथ तैयार कर लिए गए हैं। शनिवार को पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी।
26 अप्रैल को पंचायत चुनाव के मतदान से पहले 11 पंचायतों में प्रधान पद के प्रत्याशियों की मौत हो गई थी। इन खाली सीटों पर प्रधान पद के लिए उप चुनाव हो रहे हैं। 9 मई को मतदान होना है। मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले शुक्रवार शाम छह बजे से प्रचार बंद हो गया। जिला प्रशासन ने उम्मीदवारों को साफ बता दिया कि अब जनसभा और रोड-शो नहीं हो सकेंगे। सिर्फ मौखिक रूप से ही समर्थन मांगा जा सकेगा। रविवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा। उप चुनाव के लिए 33 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। एक बूथ पर पीठासीन समेत चार कर्मचारी मौजूद रहेंगे। जिला प्रशासन ने रिजर्व सहित 132 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इन कार्मिकों को ब्लाक में बनाए गए केंद्रों से शनिवार को बूथों के लिए रवाना किया जाएगा। सभी कार्मिकों को रविवार सुबह 8 बजे ब्लाकों में पहुंचने के आदेश दिए गए हैं। सभी बूथों पर कार्मिकों के लिए जरूरत का सामान पहुंचा दिया गया है।