उन्नाव। नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों में पीएचडीधारक से लेकर निरक्षर तक हैं। यह खुलासा इनके दावेदारी करते समय दी गई जानकारी से हुआ है।
जिले में जिला पंचायत सदस्यों की कुल संख्या 51 है। दो मई को शुरू हुई मतगणना के बाद बुधवार दोपहर सभी नवनिर्वाचित सदस्यों का पूरा डाटा राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर दर्ज कर दिया गया। नए सदस्यों में तीन सदस्य पढ़े-लिखे नहीं हैं। नौ सदस्य 5वीं पास हैं। सात सदस्यों ने हाईस्कूल व 10 ने इंटर पास होने की जानकारी दी है। स्नातक सदस्यों की संख्या 13 है। सात परास्नातक हैं। एक सदस्य ऐसा भी है जिसने पीएचडी कर रखी है। शेष बचे एक सदस्य ने अपनी शैक्षिक योग्यता की जानकारी नहीं दी है। उधर, औरास क्षेत्र पंचायत सदस्यों में आधे से अधिक प्राइमरी पास और निरक्षर हैं। विकासखंड में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की 73 सीटे हैं। सबसे अधिक प्राइमरी तक शिक्षित 35 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। 16 निरक्षरों ने भी जीत हासिल की। इंटर तक पढ़े सात, हाईस्कूल और जूनियर हाईस्कूल तक शिक्षित पांच-पांच सदस्यों ने जीत दर्ज कराई है। चार ने स्नातक तक की पढ़ाई की है। एक बीडीसी अकेले परास्नातक हैं। इसी तरह विकासखंड की 61 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों में पांच ने परास्नातक तक पढ़ाई की है। दो स्नातक, चार इंटर, पांच हाईस्कूल, तीन जूनियर हाईस्कूल, 20 प्राइमरी और 22 निरक्षर प्रधान बने हैं।