रावतपुर गांव निवासी अवधेश शुक्ला की बेटी स्वेच्छा का जन्म 15 सितंबर 2015 को हुआ था। 25 जनवरी की रात उसे अचानक अटैक पड़ा। परिजन उसे लेकर नर्सिंगहोम पहुंचे। यहां डाक्टर ने बच्ची में पोलियो की बात कहकर सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। बच्ची में पोलियो की बात सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। बच्ची के बाबा रामनरायण पोलियो की सूचना सीएमओ को दी। सीएमओ के निर्देश पर शनिवार को डा. अनुराग सिंह लैब टेक्नीशियन के साथ बच्ची के घर पहुंचे। डाक्टर ने परिजनों को स्टूल रखने के लिए पाट भी दिए। बच्ची की मां दीक्षा ने बताया कि उसने बच्ची को नियमित रूप से पोलियो ड्राप पिलाने के साथ ही टीकाकरण भी कराया है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रजनीश का कहना है कि बच्ची में मानसिक लक्षण लग रहे हैं। स्टूल की जांच के बाद ही आगे कहा जा सकता है। एसीएमओ डा. आरके गौतम ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। जांच के लिए सीएचसी प्रभारी को भेजा गया था। जरूरी नहीं कि पोलियो ही बच्ची को हो। स्टूल की जांच के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।