संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। चार ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों को विकसित किया जाएगा। इसके लिए शासन ने 17.50 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। निर्माण के लिए 50 प्रतिशत धनराशि भी जारी कर दी है।
वर्तमान में जो पंचायत भवन बने हैं उनमें मात्र दो कमरे और एक हाल है। अभी पंचायत भवनों से ग्रामीणों को इंटरनेट कैफे कामन सर्विस सेंटर, बीसी सखी के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं, सरकारी योजनाओं के आवेदन, प्रपत्र निकासी आदि सेवाओं का लाभ मिल रहा है। आगे सरकार और कई सेवाएं पंचायत भवन से देने की योजना पर काम कर रही है। इसको देखते हुए पंचायत भवनों का विस्तार किया जा रहा है।पहले चरण में चार ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इन ग्राम पंचायतों में औरास का शीशी, सरोसी का राजेपुर, सिकंदरपुर कर्ण की करौंदी और सफीपुर का सालेहनगर करौंदी शामिल हैं। इन पंचायतों में वर्तमान में पंचायत भवन तो हैं लेकिन मात्र दो कमरों में संचालित हैं। शासन द्वारा स्वीकृत 17.50 लाख से पंचायत भवन में सात कमरे व एक हाल बनाया जाएगा। पहली किस्त के रूप में 8.75 लाख रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। इस धनराशि से निर्माण व कार्यालय के लिए कुर्सी, कंप्यूटर मेज, स्टील अलमारी, सोलर पैनल, दो बैटरी व इनवर्टर आदि की भी खरीदारी की जाएगी। डीपीआरओ डाॅ. निरीश चंद्र साहू ने बताया कि शासन ने विशेष बजट में 17.50 लाख रुपये प्रति सचिवालय चार ग्राम पंचायतों के लिए दिया है। सचिवों को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।