फोटो-8- मृतक बाबूलाल की फाइल फोटो।
बेटे बोला-बीमारी से परेशान थे, ग्रामीणों में घरेलू कलह की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बेहटा मुजावर। घर से बाजार जाने के लिए निकले वृद्ध का शव उसके खेत में जामुन के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। शव लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच की और शव का पोस्टमार्टम कराया। उसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
थानाक्षेत्र के गांव वैरी निवासी बाबूलाल (70) गुरुवार दोपहर बाद बाजार से सब्जी लेकर आने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद भी जब पता नहीं चला तो रात भर रिश्तेदारी में फोन मिलाकर परिजन जानकारी करते रहे।
शुक्रवार सुबह गाव के बाहर नहर माईनर के पास उसके ही खेत मे खड़े जामुन के पेड़ पर रस्सी के फंदे से शव लटका देख परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पत्नी बीना देवी पति का शव देख बेहाल हो गई। पुलिस ने जांच की और शव का पोस्टमार्टम कराया। पिता की मौत से बच्चों में कौशल कुमार, छबिराम, बेटी सरोजनी, बुधा और सुधा बेहाल हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक घर में आपसी कलह होती रहती थी। इससे बाबूलाल अक्सर वृद्धाश्रम चला जाता था। बेटे कुछ दिन पहले ही उसे लिवाकर लाए थे। बेटे कौशल के मुताबिक पिता ने चार साल पहले एक आंख का ऑपरेशन कराया था। लेकिन वह सही न होने से पिता को दिखना बंद हो गया था।
दो साल पहले पेट का ऑपरेशन कराया था। उसमें भी दिक्कत थी। बीमारी में इलाज के लिए जमीन पर बैंक से किसान क्रेडिट लोन भी ले रखा था। फसल अच्छी न होने से भी परेशान रहते थे। इन्हीं कारणों ने उन्होंने आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।