फोटो नंबर-4, 5
कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर बनेंगे नौ अंडरपास और पांच ओवरब्रिज
26 फरवरी को प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअल शिलान्यास, एक साल में पूरा होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। मिशन रफ्तार योजना के तहत कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर जिले में नौ रेल लाइन अंडरपास , पांच ओवरब्रिज (आरओबी) बनेंगे। इसके साथ ही तकिया रेलवे स्टेशन का भी सुंदरीकरण होगा। 26 अप्रैल को प्रधानमंत्री इनका वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। पुलों और अंडरपास का निर्माण एक साल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
2018 में रेलवे और प्रदेश सरकार ने संयुक्त रूप से बहु आवागमन वाली रेलवे क्रॉसिंगों पर ओवरब्रिज बनाने की कार्ययोजना पर काम शुरू किया था। रेलवे से सहमति के बाद सेतु निगम ने इन पुलों की डिजाइन और लागत आदि जरूरी प्रक्रिया पूरी की। निर्माण पर आने वाले खर्च में 50 फीसदी रेलवे और 50 फीसदी बजट प्रदेश सरकार देगी।
मोहान-हरौनी मार्ग रेलवे क्रॉसिंग, जैतीपुर, कुसुंभी, अजगैन, सोनिक, करोवन और सहजनी रेलवे क्रॉसिंग पर पुल बनाए जाएंगे। लखनऊ-कानपुर रेल मार्ग पर रोजाना औसतन 200 ट्रेनों का आवागमन होता है। कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर जिले में रेलवे ने आठ रेलवे क्रॉसिंग पर आठ अंडर पास, पांच ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इन पर करीब सात अरब रुपये खर्च होंगे।
मंडल रेल प्रबंधक एसएम शर्मा ने बताया कि 26 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ से सभी निर्माण कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। उधर, सांसद साक्षी महाराज ने इन निर्माण कार्यों को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर पुल, अंडर पास या स्टेशन के सुंदरीकरण का काम होना है वहां पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एलईडी लगाकर लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा और प्रधानमंत्री का संबोधन सुनाया जाएगा।
फाटक बंद होने की समस्या से मिलेगा छुटकारा
लखनऊ-कानपुर रेल मार्ग पर लगभग सभी क्रॉसिंग पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनने से ट्रेनों की रफ्तार तो बढ़ेगी ही, सड़क यातायात भी रफ्तार पकड़ेगा। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने की वजह से सड़क यातायात रुकने की समस्या से भी निजात मिल जाएगी। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने बताया कि सर्वाधिक निर्माण कार्य सदर विधानसभा क्षेत्र में होने से शहर व आसपास के लोगों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सांसद का आभार भी जताया।
ये बनेंगे अंडरपास
कानपुर सेंट्रल-शुक्लागंज के बीच अंडर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 41
शुक्लागंज और मगरवारा के बीच अंडर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 38
उन्नाव स्टेशन-मगरवारा के बीच अंडर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 37-सी
जैतीपुर-हरौनी स्टेशन के बीच अंडर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 15
सोनिक-अजगैन के बीच अंडर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 24
सोनिक-उन्नाव स्टेशन के बीच अंडर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 30-सी
सोनिक-उन्नाव स्टेशन के बीच अंडर ब्रिज, कासिंग संख्या 32-सी
जैतीपुर अजगैन के बीच अंडर ब्रिज, क्रसिंग संख्या 19-सी
अजगैन- सोनिक के बीच अंडर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 25-सी
ये बनेंगे ओवर ब्रिज
जैतीपुर-अजगैन के बीच ओवर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 18
जैतीपुर-अजगैन के बीच ओवर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 20
सोनिक-उन्नाव स्टेशन के बीच ओवर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 28
उन्नाव- मगरवारा के बीच ओवर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 36
मगरवारा- शुक्लागंज के बीच ओवर ब्रिज, क्रासिंग संख्या 39