25 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार
- सात साल से थी तलाश, श्रमिक की हत्या का है आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो इनामी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसमें 25 हजार के एक इनामी पर बांगरमऊ में हत्या की रिपोर्ट दर्ज है। इसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने सीओ बांगरमऊ के नेतृत्व में एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया था। वहीं सोहरामऊ पुलिस ने 15 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर जेला भेजा है।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान साल 2015 में बांगरमऊ कोतवाली के देवखरी गांव में एक श्रमिक की मौत हो गई। परिजनों ने झांसी जनपद के थाना ककरवई के गांव धनौरा निवासी ठेकेदार शिवदत्त गौतम पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस के लगातार प्रयास के बाद भी जब उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई।
इस पर तीन अप्रैल 2021 को एसपी ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके साथ ही सीओ बांगरमऊ के नेतृत्व में एसओजी और सर्विलांस टीम को गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी थी। एसओजी ने उसे झांसी से गिरफ्तार कर बांगरमऊ पुलिस सौंपा। पुलिस ने उसे जेल भेजा है।
सीओ बांगरमऊ पंकज सिंह ने बताया कि हत्या में आरोपी वांछित था। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
इधर, सोहरामऊ थानाक्षेत्र के गांव शेखपुर निवासी मेवालाल पर मौरावां थाने में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज था। पुरवा कोतवाल मामले की विवेचना कर रहे थे, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ रहा था। एसपी ने उस पर 15 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने गश्त के दौरान शेखपुर गांव के पास से ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसओ ने बताया कि आरोपी पर मौरावां थाने के साथ रायबरेली में रिपोर्ट दर्ज हैं। मौरावां थाने में गैंगस्टर लगा हुआ था।