मौरावां। 28 जुलाई की सुबह मौरावां के कस्बा निवासी मृतक धनीराम सविता के परिवार के लोग उनका शव निजी एंबुलेंस से कानपुर हैलट अस्पताल से घर ला रहे थे। तभी पुरवा के तुषरौर गांव के पास अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस में टक्कर मार दी थी। हादसे में मृतक की पत्नी प्रेमा समेत तीन बेटियों में मंजुला, अंजली व रूबी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई थी। एक बेटी सुधा को गंभीर हालत में कानपुर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के 9वें दिन सांसद डॉ. हरि साक्षी महाराज पीड़ित परिवार से मिलने मौरावां पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। सांसद नाबालिग बच्चे वंश शाश्वत से भी मिले और इनको नि:शुल्क शिक्षा व अंत्योदय कार्ड दिलाने की बात कही। साथ ही शासन से हरसंभव मदद का पूरा आश्वासन दिया। इस दौरान नायब तहसीलदार पुरवा आशुतोष पांडेय, नगर पंचायत मौरावां के लिपिक मधुकर द्विवेदी, रामप्रकाश लोधी, मुनेश गुप्ता, पंकज लोधी आदि मौजूद रहे। (संवाद)
-
सोशल मीडिया पर फर्जी ग्रुप बनाने वालों पर पुलिस सख्त
उन्नाव। सोशल मीडिया पर फर्जी ट्विटर अकाउंट व व्हाट्सअप ग्रुप बनाने वालों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस मीडिया सेल ने इसके लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कुछ ग्रुपों को चिह्नित भी किया गया है। कहा है कि ऐसे लोग त्वरित अपने ग्रुप खत्म कर दें। अपील की है कि ऐसे ग्रुपों में की गई पोस्ट पर कमेंट कर माहौल खराब न करें। ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)