संवाद न्यूज एजेंसी
परियर। कार्तिक पूर्णिमा से पूर्व परियर गंगातट का निरीक्षण सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किया। अव्यवस्थाओं को देख भड़के सदर विधायक ने एसडीएम व बीडीओ को तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। सदर तहसील क्षेत्र के परियर घाट पर कार्तिक पूर्णिमा में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचते हैं।
घाट पर श्रद्धालु एक दिन पूर्व से पहुंचकर कार्तिक पूर्णिमा के अगले दिन तक रुकते हैं। पूर्णिमा को कम समय बचा है इसके बाद भी परियर बिठूर से माना बंगला तक पहुंचने वाला रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। साथ ही माना बंगला से गंगा तट तक पहुंचने वाला रास्ता कीचड़ व पानी से भरा है। मौजूदा समय में घाट पर आने वाले श्रद्धालु इसी कीचड़ व पानी से गुजरकर पहुंच रहे हैं।
तीर्थ पुरोहितों ने एक सप्ताह पूर्व सदर विधायक पंकज गुप्ता व उपजिलाधिकारी से मिलकर प्रार्थनापत्र के माध्यम से घाट पर मेले से पूर्व व्यवस्थाओं के दुरुस्त कराने के लिए आग्रह किया था। शनिवार को सदर विधायक ने गंगा तट पर पहुंचे तो अव्यवस्था देख पारा चढ़ गया। उपजिलाधिकारी नम्रता सिंह व बीडीओ उत्तम कुमार तिवारी को फोन कर तत्काल ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाने को कहा।
थोड़ी ही देर बाद मौके पर पहुंची एसडीएम व बीडीओ ने अपने सामने ही जेसीबी मंगवाकर रास्ता दुरुस्त कराने का काम शुरू किया। अन्य सभी जरूरी सुविधाओं बैरीकेटिंग, मोबाइल टॉयलट,वस्त्र परिवर्तन केंद्र व साफ सफाई के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया।