फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: उन्नाव-एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर मिराज, सुखोई, जगुआर भरेंगे उड़ान

Sat, 30 Mar 2024 12:25 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो नंबर-18, 19
विज्ञापन


एक से सात अप्रैल तक चार किमी दायरे में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
छह अप्रैल को होगा फुल ड्रेस रिहर्सल और सात को होगा प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर वायू सेना लड़ाकू विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ का रिहर्सल करेगी। इसके चलते एक से सात अप्रैल तक कबीरपुर गांव के पास चार किमी के दायरे में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
छह अप्रैल को रिहर्सल और सात अप्रैल को वायु सेना लड़ाकू विमानों के साथ अपने शौर्य का प्रदर्शन करेगी। शुक्रवार को बांगरमऊ सीओ, यातायात प्रभारी और यूपीडा के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन का प्लान तैयार किया।
विज्ञापन

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर कबीपुर गांव के पास बनी 3,5 किलोमीटर हवाई पट्टी पर वायुसेना सात अप्रैल को लड़ाकू विमानों उतारने और उड़ान भरने के लिए अभ्यास करेगी। लड़ाकू विमानों में मिराज, सुखोई, जगुआर व अन्य लड़ाकू विमान भी शामिल हो सकते हैं।
रिहर्सल और इससे पहले तैयारियों के चलते सात दिन एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर पांच किलोमीटर में ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। बांगरमऊ सीओ अरविंद चौरसिया, यूपीडा के एई आरपी सिंह, यातायात प्रभारी सुनील सिंह व अन्य अधिकारियों ने शुक्रवार को मौका मुआयना किया। तय किया गया कि हवाई पट्टी के दोनों तरफ चार किमी दायरे में एक्सप्रेसवे का यातायात मोड़ा जाएगा।
दोनों तरफ बैरीकेडिंग करके यातायात को सर्विस रोड से निकाला जाएगा। यह डायवर्जन 31 मार्च से सात अप्रैल तक जारी रहेगा। इस सैन्य अभ्यास का संचालन सेंट्रल एयर कमांड (सीएसी) प्रयागराज करेगा। लड़ाकू विमान लखनऊ के बक्शी का तालाब बेस से उड़ान भरकर एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पहुंचेंगे और टच डाउन कर आसमान में हैरतंगेज करतब दिखाएंगे।
यहां पहले भी उतारे गए हैं लड़ाकू विमान
एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर पहले भी दो बार लड़ाकू विमान उतारे जा चुके हैं। पहली बार 21 नवंबर 2016 को जब तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया था। उस समय भी एक्सप्रेसवे की इस हवाई पट्टी पर वायु सेना ने मिराज और सुखोई आदि विमानों को हवाई पट्टी से टच डाउन कराया था।
इसके बाद 24 अक्तूबर 2017 को एक बार फिर वायु सेना ने अपने शौर्य का प्रदर्शन किया था। इस दौरान भारी भरकम मालवाहक जहाज सी-130 सुपर हरक्यूलिस, मिराज सुखोई, जगुआर के अलावा गरुण कमांडो दस्ते ने भी सैन्य अभ्यास में हिस्सा लिया था।

सुरक्षा में 550 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी
बांगरमऊ सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि वायु सेना ने एक अप्रैल तक के लिए हवाई पट्टी पर ट्रैफिक डायवर्जन के लिए कहा है। मौसम खराब होने या किसी अन्य परिस्थितियों की वजह से सात अप्रैल को होने वाला प्रदर्शन बाधित होने पर उसे आगे बढ़ाया जाएगा। इसलिए दस अप्रैल तक के लिए सड़क यातायात में बदलाव की मांग की है। बताया कि इस अभ्यास के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में 550 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनमें एएसपी, सीओ, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर शामिल होंगे। हवाई पट्टी की बैरीकेडिंग भी कराई जाएगी।
विज्ञापन

दो दिन ग्रामीण नहीं जा सकेंगे एक्सप्रेसवे की तरफ
एक्सप्रेसवे पर हैबतपुर अंडर पास से संडीला अंडर पास तक यातायात सर्विस रोड पर चलाया जाएगा। हवाई पट्टी के आसपास के पांच किमी दायरे के आठ गांवों में पुलिस लोगों से छह और सात अप्रैल को एक्सप्रेसवे की तरफ न जाने की अपील कर रही है। लोगों से मवेशी, मृत मवेशियों के अपशिष्ट एक्सप्रेसवे की तरफ फेकने पर रोक लगाई गई है। सीओ ने बताया कि इससे पशु, पक्षी हवाई पट्टी की तरफ आएंगे, जो लड़ाकू विमानों के लिए खतरनाक हैं।
यह है कार्यक्रम
31 मार्च को हवाई पट्टी की सफाई
1 से 4 अप्रैल तक हवाई ट्रैफिक की मॉर्किंग
5 अप्रैल को एटीसी (एयर ट्रैफिक सिस्टम) लगाया जाएगा।
6 अप्रैल को फुल ड्रेस रिहर्सल होगा
7 अप्रैल को एयर शो का कार्यक्रम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें