पुरवा। तीन दिन पहले एक ही स्कूली की दो बसों में टक्कर की घटना में राज्य बाल सरंक्षण आयोग के सदस्य रामकली बुद्धीलाल साहू शिक्षण संस्थान पहुंचे। प्रधानाचार्या से घटना से घटना की जानकारी लेने के साथ छात्रों से भी बात की।
पुरवा के रामकली बुद्धीलाल शिक्षण संस्थान की दो बसें छह अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे छुट्टी के बाद 80 छात्रों को लेकर मौरावां जा रही थीं। पुरवा-मौरावां मार्ग पर सुब्बाखेड़ा गांव के पास ओवरटेक करने में बसें टकरा गई थीं। घटना में पीछे चल रही बस में बैठे 41 बच्चे सहम गए थे। इसकी जानकारी बाल संरक्षण आयोग के सदस्य श्याम त्रिपाठी को हुई तो शुक्रवार को वह स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्या साक्षी धवल से घटना की जानकारी ली। इसके बाद छात्रों से बात की तो बताया कि चालक गाड़ी तेज चलाते हैं। कभी-कभी तो शराब के नशे में भी चलाते हैं। बच्चों के बयान सुनने के बाद उन्होंने एसडीएम उदित नारायण सेंगर से फोन पर बात की और जांच कर कार्रवाई के लिए कहा। बाल संरक्षण आयोग के सदस्य ने बताया कि एसडीएम जांच कर रहे हैं।