संवाद न्यूज एजेंसी
पाटन (उन्नाव)। बिहार थाना क्षेत्र में सोमवार रात गांव के बाहर दुकान की रखवाली के लिए सोने गया युवक सुबह देर तक घर नहीं लौटा। छोटा भाई दुकान पहुंचा तो दुकान में खून के छींटे और युवक की खून लगी शर्ट मिली तो सनसनी फैल गई। परिजनों ने जानकारी की तो पता जिस 16 वर्षीय किशोरी से युवक की नजदीकी की चर्चा थी वह भी लापता है। युवक के पिता ने किशोरी के परिजनों पर हत्या का शक जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ ने गांव के सामने उन्नाव-रायबरेली हाईवे जाम कर दिया। एएसपी, सीओ और तीन थानों का फोर्स पहुंचा। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। युवक के परिजनों ने किशोरी के पिता और दो मामा पर हत्या और शव छिपाने का आरोप लगाया, वहीं किशोरी के पिता ने भी युवक के पिता और भाई पर बेटी का अपहरण कर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस, किशोरी के पिता और उसके दो मामाओं से थाने में पूछताछ कर रही है। हंगामे के दौरान दो घंटे हाईवे जाम रहा। सीओ ने बताया कि लापता युुवक और किशोरी की विभिन्न माध्यमों से तलाश की जा रही है। दो जाति के बीच का मामला और तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
बिहार थाना क्षेत्र एक गांव निवासी 22 वर्षीय राजपूत (लोधी) बिरादरी के युवक की गांव की ठाकुर बिरादरी की किशोरी से काफी समय से नजदीकी थी। युवक गांव में ही अपने घर से करीब 400 मीटर की दूरी पर जनसुविधा केंद्र चलाता है। दुकान से करीब 20 मीटर की दूरी पर रहने वाली किशोरी से उसकी काफी समय से नजदीकी थी। युवक रोज घर से खाना खाने के बाद दुकान में ही सोने जाता था। सोमवार रात दस बजे वह सोने के लिए दुकान चला गया। मंगलवार सुबह 6:30 बजे तक वह घर नहीं पहुंचा। छोटा भाई बुलाने पहुंचा, तो दुकान का शटर खुला मिला, दीवार और फर्श पर खून के छींटे मिले और युवक की खून लगी शर्ट भी मिली। भाई ने परिजनों को हत्या की आशंका जताते हुए परिजनों को सूूचना दी तो परिजनों और ग्रामीणों का मजमा लग गया। पता चला कि जिस किशोरी से नजदीकी को लेकर दो महीने पहले विवाद हुआ था और बाद में सुलह-समझौता कर मामला शांत हुआ था वह भी लापता है। युवक के परिजनों ने युवती के पिता और दो मामा पर दोनों की हत्या और शव छिपाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और उन्नाव-रायबरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। बिहार एसओ संदीप कुमार शुक्ला पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सीओ विजय आनंद, एसडीएम रनवीर सिंह के अलावा कई थानों की फोर्स पहुंची। सीओ और एसडीएम ने युवक के परिजनों से वार्ता कर जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। एएसपी शशि शेखर सिंह भी पहुंचे और दोनों के परिजनों व ग्रामीणों से बात की। लापता युवक के पिता किशोरी के पिता और उसके दो मामा के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तीनों को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। वहीं किशोरी के पिता ने भी युवक के पिता व भाई के खिलाफ तहरीर दी है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हत्या और शव गायब करने का आरोप लगाया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीओ ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। हत्या हुई या फिर दोनों कहीं चले गए हैं। इसकी जांच चल रही है। खून के धब्बे मिलने से परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। खून के सैंपल को भी जांच के लिए भेजा गया है। बताया कि सर्विलांस व अन्य माध्यमों से दोनों की तलाश की जा रही है।