उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नवाबगंज कस्बे में सड़क घेरकर खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार लोडर टकरा गया। हादसा चालक को झपकी आने से हुआ। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मध्य प्रदेश जिला पन्ना के थाना देवेंद्रनगर के फुलवारी निवासी लोडर चालक अन्नू चौधरी (24) लोडर चालक था। बुधवार रात करीब 11 बजे वह लखनऊ के चिनहट निवासी दीपक (26) पुत्र रामराज व पीलीभीत जिले के परमपुर निवासी शिवम (28) पुत्र परकेश्वर के साथ लोडर लेकर कानपुर जा रहा था। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नवाबगंज कस्बे में चालक को झपकी आने से सड़क घेरकर खड़े ट्रक में लोडर पीछे से घुस गया।
हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए। पुलिस उन्हें स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर ने अन्नू को मृत घोषित कर दिया। दीपक और शिवम की हालत गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्नू निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे में काम कर रहा था। वह अजगैन कोतवाली के चमरौली गांव में कंपनी के मिक्सर प्लांट में बने अस्थायी कमरे में पिता परमा, मां सुंदरियाबाई, पत्नी लक्ष्मी और दो साल के बेटे आदर्श के साथ रहता था। अन्नू की मौत से परिजन बेहाल हैं। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।