नवाबगंज। विकासखंड के हसनापुर गांव की परमेश्वरी (50) सरकारी रिकॉर्ड में खुद को जीवित साबित कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं। महिला का आरोप है कि राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड में उन्हें मृत दिखा देने से परिवार का राशन कार्ड नहीं बन पा रहा है। परमेश्वरी अपने परिवार को सरकारी राशन योजना का लाभ दिलाने के लिए कार्ड बनवाना चाहती हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने में उन्हें रिकॉर्ड में दर्ज गलत जानकारी के कारण परेशानी हो रही है। महिला ने मामले की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराकर अधिकारियों से समस्या दूर कराने की मांग की है। डीएसओ राजबहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। (संवाद)