बेहटा मुजावर। दुकान पर ट्रक पलटने की घटना में मृत महिला और उसके दो बेटों के शव का पैतृक गांव अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस का दावा है कि चालक और क्लीनर की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उधर ट्रक से बिखरी चावल की बोरियों को ले जा रहे ग्रामीणों को सिपाहियों ने खदेड़ा।
बेहटामुजावर के पुराने थाना भवन के पास रह रही हरदोई के समोधा गांव निवासी राजकुमार भुर्जी पत्नी सरला (33) और दो बच्चों में करन (15) और विक्की (13) के साथ रहकर चाय-समोसा की दुकान चलाते थे। बुधवार रात 50 टन चावल लादकर जा रहा ट्रक सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से बचने के प्रयास में बाजार के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकानों पर पलटा था। सरला और उसके दोनों बच्चों की चावल की बोरियों के नीचे दबकर मौत हो गई थी। घटना के बाद चालक और क्लीनर भाग गए थे। शुक्रवार को परिजनों ने तीनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि ट्रक नंबर के आधार पर मालिक कानपुर के आवास विकास निवासी सुभाष का पता लगा है। चालक व क्लीनर की तलाश जारी है। बताया कि घटना के समय ट्रक चालक बिल्हौर कस्बे की एक मिल से चावल लादकर हरदोई जिले के संडीला कस्बा स्थित बीयर फैक्टरी जा रहा था।