संवाद न्यूज एजेंसी
मौरावां। पीसीएस के परीक्षा परिणाम में पंचमखेड़ा निवासी युवक का डिप्टी एसपी के पद पर चयन हुआ है। वह नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने कहा कि पहले देश सेवा और अब जनता की सेवा करने का मौका मिला है। उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।
ग्राम पंचायत अकोहरी के मजरे पंचमखेड़ा निवासी कुलदीप यादव (37) के पिता कर्मवीर यादव किसान हैं। कुलदीप ने बताया कि उन्होंने कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई परिषदीय स्कूल में की। कठिन मेहनत से 2001 में हाईस्कूल की परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल किया। उसके बाद साल 2003 में केएनपीएन इंटर कॉलेज मौरावां से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट की परीक्षा, अन्ना मलाई यूनिवर्सिटी चेन्नई से बीएससी गणित से दूसरा स्थान हासिल किया।
साल 2005 में भारतीय नौसेना में चयन हुआ था। 15 साल नौकरी करते हुए साल 2020 में सेवानिवृत्त हो गए थे। उसके बाद से वह लखनऊ अपने घर में रहकर बिना कोचिंग के ही पीसीएस की तैयारी कर रहे थे। दो बार मेंस की परीक्षा में फेल होने के बाद तीसरी बार 2023 में हुई पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण की।
10 जनवरी 2024 को इंटरव्यू देने के बाद 23 जनवरी 2024 को रात लगभग नौ बजे परीक्षा परिणाम घोषित हुआ। सूची में 41 वीं रैंक के साथ डिप्टी एसपी में चयन देख उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पति की इस सफलता पर पत्नी दीपा और बच्चों में चिराग यादव, बेटी कृतिका भी खुशी से झूम उठे।