हसनगंज/उन्नाव। जमीन पैमाइश की रिपोर्ट लगवाने के लिए पांच हजार की घूस लेते कानूनगो को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम कानूनगो को लेकर अजगैन कोतवाली पहुंची। मेडिकल कराकर वापस लाते समय परिजनों ने हंगामा करते हुए छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस बल की मदद से टीम किसी तरह लिखा-पढ़ी कर लखनऊ ले गई।
लखनऊ के मलिहाबाद तहसील के खानपुर मऊ निवासी अवधेश कुमार की हसनगंज क्षेत्र के मोहान में जमीन है। इसकी पैमाइश के लिए एसडीएम कोर्ट में वाद डाला था। इसमें धारा 24 के तहत कानूनगो को रिपोर्ट लगानी होती है। अवधेश ने इसके लिए कानूनगो अनिल पांडेय से संपर्क किया तो उन्होंने पांच हजार रुपये की मांग की। इस पर अवधेश ने एंटी करप्शन टीम लखनऊ से संपर्क किया। टीम अवधेश को लेकर तहसील पहुंची। कानूनगो से बात कराई तो उन्होंने आवास के बाहर बुलाया। यहीं पर टीम ने अवधेश को कानूनगो के पास भेजा। शाम करीब छह बजे जैसे ही अवधेश ने कानूनगो को पांच हजार दिए, वैसे ही टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
किसी विवाद से बचने के लिए टीम तुरंत कानूनगो को लेकर अजगैन कोतवाली पहुंची। फिर मेडिकल के लिए नवाबगंज सीएचसी ले गई। वहां से वापस कोतवाली लाई तो कानूनगो की पत्नी और बेटा पहुंच गया। इसके अलावा अन्य तहसील कर्मी भी आ गए और हंगामा करने लगे। परिजनों ने टीम पर कानूनगो के साथ मारपीट का आरोप लगाया। धक्का-मुक्की होते देख टीम अलर्ट हो गई और पुलिस की मदद से अंदर कमरे में ले गई। लिखा-पढ़ी के बाद एंटी करप्शन टीम के प्रभारी नुरूल हुदा खान ने बताया कि कानूनगो को पांच हजार की घूस लेते पकड़ा गया है।
-
फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं कानूनगो
पकडे गए कानूनगो मूलतः फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। मौजूदा समय में हसनगंज एसडीएम आवास के पास बनी सरकारी कालोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। जिस समय टीम ने पकड़ा, वह घर पर ही थे।
-
पत्नी ने लगाया मारपीट का आरोप
पत्नी मधु पांडे ने बताया कि करीब 6 बजे मेरे पति को टीम ने पकड़ लिया और मारने पीटने लगी जब बेटा अर्जुन पांडे व बेटी बचाने पहुंची तो उन्हें भी मारा-पीटा और पकड़ कर ले गए।