गंजमुरादाबाद। किराना दुकानदार के घर को चोरों ने निशाना बनाया। कमरे व अलमारियों के ताले तोड़ कर चोर करीब 10 लाख के जेवर ले गए। पुलिस को किसी परिचित का हाथ होने का शक है।
बांगरमऊ कोतवाली के गांव रबड़ी निवासी अनिल कुमार घर में ही किराना की दुकान किए हैं। शुक्रवार देर रात घर के पीछे की दीवार के सहारे घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरों के ताले काट दिए और अंदर रखे बक्सों और अलमारी से करीब 10 लाख कीमत के जेवर पार कर दिए। शनिवार सुबह परिजनों की नींद खुली तब घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
पीड़ित के मुताबिक, 26 अप्रैल को उसकी चचेरी बहन का विवाह था। उसका भी करीब छह लाख का जेवर घर में रखा था। कोतवाल राजकुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। किसी परिचित या नजदीकी का हाथ होने का शक है।