मौरावां। कस्बे के मोहल्ला चौधरिन टोला में बंद घर के ताले तोड़कर चोर बक्से में रखे 1.50 लाख रुपये और कमरे के पक्के फर्श के नीचे गड्ढे में दबाकर रखे गए दो लाख कीमत के जेवर चुरा ले गए। घटना के समय गृहस्वामिनी, बेटे को शहर के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराकर इलाज करा रही थी। मौरावां कस्बा निवासी सोनू कुमार कई साल से बहरीन में काम करता है। उसकी पत्नी आरती, दो बच्चों के साथ यहां रहती है। रविवार को छह साल के बेटे अनमोल की तबीयत खराब हो गई थी।
इससे आरती, शहर के एक नर्सिंगहोम में बेटे का इलाज करा रही थी, जबकि बड़े बेटे रिषभ को पड़ोसी के घर में छोड़कर गई थी। घर के मुख्य गेट व कमरों में ताला बंद था। पड़ोसी की दीवार से छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर ने बक्से का ताला तोड़कर 1.50 लाख रुपये और फर्श में गाड़े गए दो लाख कीमत के जेवर पार कर दिए।
कस्बा इंचार्ज प्रेम नारायण सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना में किसी नजदीकी और घर आने-जाने वाले का हाथ लग रहा है। जांच की जा रही है।