पुरवा (उन्नाव)। नगर के मोहल्ला चंदीगढ़ी में आयोजित दंगल में पहलवानों ने अपने दांवपेच दिखाए। फाइनल कुश्ती में मेरठ के जाबिर ने गोरखपुर के सचिन को चित कर दंगल केसरी का खिताब अपने नाम किया।
जय मां शीतला देवी दंगल समिति की ओर से रविवार को दंगल का आयोजन किया गया। दंगल का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू और कोतवाली प्रभारी राकेश गुप्ता ने हनुमान जी के चित्र पर दीप जलाकर व फीता काटकर किया। पहली कुश्ती बदरका के सुलखान और गाजीपुर के शोभित पहलवान के बीच हुई। इसमें सुलखान ने अपने दांव से शोभित को पराजित किया। इसके बाद रायबरेली के सुरेंद्र बहादुर और बाराबंकी के चंदन के बीच रोमांचक कुश्ती हुई। दोनों पहलवान काफी देर तक एक दूसरे को पटकने की जोर आजमाइश करते रहे। आखिर मेंं सुरेंद्र ने अपने दांव से चंदन को पटकनी दी।
आखिरी कुश्ती गोरखपुर के सचिन और मेरठ के जाबिर पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने अपने-अपने दांव दिखाएं। समिति ने कुश्ती का समय निर्धारित कर दिया। इसके बाद धोबी पछाड़ दांव से जाबिर ने सचिन को चित करते हुए दंगल केसरी का खिताब अपने नाम किया। इस दौरान उदयसिंह, राजू गुप्ता ,अजमेरी सिंह ,मिथलेश ,जगजीवन, अर्जुन ,गोकरन आदि मौजूद रहे।