उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बाइक सवारों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित पकड़ा। पूछताछ की तो अवैध शस्त्र बनाने के कारखाने का खुलासा हो गया। निशानदेही पर घर और जंगल से छह बने-अधबने तमंचे, बंदूक, कारतूस और उपकरण बरामद किए हैं।
इनमें एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में बीस मुकदमें दर्ज है। अचलगंज थाना पुलिस बड़ौरा गांव के मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अचलगंज थानाक्षेत्र के बड़ौरा गांव निवासी विद्याशंकर उर्फ बउवा साथी धनीराम के साथ बाइक लेकर निकला।
पुलिस ने रोकने को कहा तो भागने लगा, लेकिन सिपाहियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ा तो विद्याशंकर के पास से तमंचा और पांच कारतूस मिले। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह गांव में खेत के पास स्थित जंगल में असलहे बनाते हैं। निशानदेही पर असलहे व उपकरण बरामद किए गए।