उन्नाव। रेल हादसों को रोकने के लिए रेलवे पुलिस अलर्ट है। गुरुवार को आरपीएफ व जीआरपी ने जैतीपुर और कुसुंभी गांव में गोष्ठी करके लोगों को ट्रैक सुरक्षा की जानकारी दी। अपील की रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
रेलवे ट्रैक पर कहीं सिलिंडर, कहीं लकड़ी का बोटा तो कहीं लोहे के टुकड़े आदि मिलने की बढ़ती घटनाएं होने से रेलवे ने सतर्कता बढ़ा दी है। रेलवे पुलिस को दश्त बढ़ाने, रेलवे ट्रैक के आसपास अस्थाई रूप से रहने वालों पर नजर रखने के निर्देश पहले से ही दिए गए हैं। इसी क्रम में रेलवे पुलिस अभियान चलाकर लोगों को ट्रैक सुरक्षा की जानकारी दे रही है।
गुरुवार को आरपीएफ इंस्पेक्टर हरीश कुमार और जीआरपी एसओ अरविंद पांडेय के नेतृत्व में रेलवे पुलिस ने कुसुंभी गांव और इसके बाद जैतीपुर में लोगों को जागरूक किया। यहां ग्राम प्रधान, बीडीसी सहित ग्रामीणों के साथ गोष्ठी की। रेलवे पुलिस ने लोगों को ट्रैक की सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। जीआरपी एसओ ने बताया कि रेलवे ट्रैक के आसपास कोई भी संदिग्ध या खतरे वाली वस्तु दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक और उसके आसपास कड़ी नजर रखी जा रही है। दिन और रात में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। इस काम में आपकी भागीदारी से काफी सहयोग मिलेगा। रेलवे की संपत्ति को नुकसान होने से बचाएं। उन्होंने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा करने की सभी ग्रामीणों से अपील की।