संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर। कादिरपुर गांव में संदिग्ध परिस्थिति में एक घर में आग लग गई। ग्रामीणों ने घर के बाहर बने तालाब से आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने में काफी समय लग गया। इससे गृहस्थी सहित एक लाख का सामान जल गया।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव कादिरपुर निवासी बन्ने अली सोमवार सुबह मजदूरी करने दूसरे गांव गया था। घर में पत्नी और बेटी मौजूद थी। दोपहर को अचानक छप्पर में आग लग गई। गांव वाले पहुंचे और पास में ही तालाब से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया और एक घंटे बाद सफल हो पाए। पीड़ित के अनुसार आग से ईद के त्योहार खर्च के लिए रखे पांच हजार रुपये, कपड़े सहित करीब हजारों का सामान जल गया।
एचटी लाइन में स्पार्किंग की चिंगारी से 10 बीघा फसल जली
अचलगंज। खेतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। आग से 10 बीघा फसल जल गई।
नगर पंचायत के हड़हा मार्ग पर राजकीय कन्या विद्यालय के सामने खेतों से निकली हाईटेंशन लाइन के तार आपस में टकरा गए। इससे शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पर गिर गई। इससे खेतों में आग लग गई। आग से आनंदशंकर के खेत के साथ सर्वेश कुमार, लल्लू, सुशील बाजपेई और रामेश्वरी की 10 बीघा गेहूं के फसल जल गई। किसानों ने पंपिंग सेट से आग बुझाने का प्रयास किया। सफलता न मिलने पर फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया।