उन्नाव। कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई। दो स्वास्थ्य कर्मियों सहित 297 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
गीतापुरम निवासी प्रेम सिंह (62) के कोरोना संक्रमित होने पर उन्हें सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को मौत हो गई। शुक्लागंज के कंचन नगर निवासी ज्ञान देवी (52) को आठ दिन से बुखार आ रहा था। तीन दिन पहले आरटीपीसीआर की जांच कराई थी। रिपोर्ट आने से पहले मंगलवार रात उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे नर्सिंगहोम ले गए। एंटीजन में पॉजिटिव मिलने पर डॉक्टर ने कानपुर हैलट भेज दिया। हैलट ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। बुधवार को आरटीपीसीआर की आई रिपोर्ट में भी वह संक्रमित आई। संक्रमितों में हसनगंज व गंजमुरादाबाद में एक-एक स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित आए हैं। सिकंदरपुर कर्ण में 20, नवाबगंज में 17, पुरवा में 24, सफीपुर में 25, मियागंज में 22, सिकंदरपुर सरोसी में आठ, बीघापुर में दो, औरास में 11, सुमेरपुर में 11, हिलौली में एक, हसनगंज में 16, बांगरमऊ में छह, बिछिया में 10, गंजमुरादाबाद में आठ, शहर में 74, शुक्लागंज में 27 व अन्य लैबों से जांच कराने वाले आठ लोग शामिल हैं। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि 723 मरीजों की हालत में सुधार हुआ है। इसमें होम आइसोलेशन में 15 व सरस्वती मेडिकल कॉलेज के आठ मरीज शामिल हैं।