रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से था फरार, तीन सदस्यीय टीम कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। जिले के एक कंपोजिट स्कूल की 16 छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के आरोपी प्रधान शिक्षक को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। बीएसए स्तर से गठित तीन सदस्यीय टीम इसमें जांच कर रही है। एएसपी ने बताया कि पूछताछ की जा रही है।
कंपोजिट स्कूल में तैनात प्रधान शिक्षक राजेश कुमार पर 16 छात्राओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगने और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्या प्रीती भारद्वाज दलाल की ओर से शनिवार को हुई जांच में वह दोषी मिले थे। रसोइयां रूबी देवी की तहरीर पर प्रधान शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो और छेड़छाड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद रविवार को बीएसए ने प्रधान शिक्षक को निलंबित कर दिया था। जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे आरोपी प्रधान शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी शशिखेशर ने बताया कि छेड़छाड़ के आरोपी प्रधान शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ चल रही है।