उन्नाव। ठेलिया दुकानदार का घर के पीछे पेड़ पर रस्सी के फंदे से शव लटका मिला। पत्नी ने पुलिस को बताया कि पति ने बैंक से लोन ले रखा था। उसे अदा न कर पाने से परेशान रहते थे।
बैंक से लगातार दबाव होने से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सदर कोतवाली के रामबक्शखेड़ा गांव निवासी संजय वर्मा (34) चाट का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। गुरुवार सुबह वह घर से बिना बताए निकला था। कुछ देर बाद उसका शव घर के पीछे नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला।
पति का शव मिलने की सूचना से पत्नी बेहाल हो गई। मृतक की पत्नी नीलम ने बताया कि पति ने यूनियन बैंक से पांच महीने पहले एक लाख रुपये का लोन लिया था। उसी से बाइक खरीदी थी। उसकी दो किश्त अदा हो गई थीं। अन्य किश्त जमा नहीं हो पा रही थीं। इससे वह परेशान रहते थे। काम भी अच्छा न चलने से एक सप्ताह से अधिक परेशान थे।
गुरुवार सुबह बिना बताए घर से निकले थे। बाद में शव लटका मिलने की सूचना मिली। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। पिता की छोटे में ही मौत होने से परिवार की जिम्मेदारी संजय पर ही थी। मृतक की पत्नी के साथ मां भगवानदेई, छोटा भाई सुजीत और बच्चों में रीतेश, रितिक और आशुतोष हैं।
कोतवाल अश्वनी मिश्र ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पत्नी ने बैंक लोन अदा न करने से परेशान होकर आत्महत्या की तहरीर दी है।