मौरावां थाना क्षेत्र में घर में 13 वर्षीय किशोरी का शव फंद से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही, हत्या या आत्महत्या दोनों ही पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
उन्नाव जिले में मौरावां थाना क्षेत्र के शीतलबक्श खेड़ा गांव में 13 साल की किशोरी का शव घर में फंदे से लटका मिला। वह माता-पिता के साथ खेत में काम कर रही थी। दोपहर को माता-पिता के लिए खाना लेने घर आई थी। काफी देर तक न लौटने पर माता-पिता घर पहुंचे तब घटना का पता चला।
विज्ञापन
मौरावां थानाक्षेत्र के गांव शीतलाबक्सखेड़ा निवासी गणेश लोधी की 13 वर्षीय बेटी गुड़िया, शनिवार को पिता और मां आशा के साथ खेत में मिर्च की फसल तोड़ने गई थी। शाम करीब चार बजे वह घर से खाना लाने की बात कह खेत से आई थी।
शाम तक वह खेत नहीं लौटी तो माता-पिता घर पहुंचे और दरवाजा खोलते ही बेटी का शव फंदे से लटका देख बेहाल हो गए। पिता की सूचना पर पुलिस पहुंची और शुरुआती जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, तो पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
हालांकि पुलिस के काफी समझाने पर परिजन राजी हुए। परिवार वाले घटना की वजह नहीं बता पाए। मृतका चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। थानाध्यक्ष अमरनाथ यादव ने बताया की पिता ने बेटी के आत्महत्या की तहरीर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।