सफीपुर। बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर आसीवन पश्चिम गांव के पास तेज रफ्तार वैन ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लोगों ने वैन चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव आसीवन पश्चिम निवासी रहमत अली की बेटी सायमा (11) दुकान जाने के लिए घर के बाहर निकलकर सड़क पार कर रही थी। बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर बांगरमऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार वैन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे आनन फानन निजी अस्पताल लेकर पंहुचे। जहां भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
घटना के बाद वैन लेकर भाग रहे चालक को मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पिता रहमत अली ने बताया कि टक्कर के बाद सडक़ किनारे खंती में पानी भरा होने से बच्ची उसमें चली गई थी। इसलिए सिर में गंभीर चोट नहीं आई। एसओ अखिलेश तिवारी ने बताया कि घायल बच्ची का इलाज चल रहा है। यदि तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।