उन्नाव। गंगा का जलस्तर मंगलवार सुबह चेतावनी बिंदु 112 मीटर को पार कर शाम छह बजे 112.01 मीटर पर स्थिर हो गया। कटरी के गांवों में हालात भयावह हैं। रास्तों पर पानी बह रहा है। कई और की फसलें जलमग्न हुई हैं।
बीघापुर में गंगा का जलस्तर बढ़ने से ग्रामसभा जयराजमऊ का उसके मजरों पसनियाखेड़ा तथा सीतारामखेड़ा से संपर्क कट गया है। पिछले वर्ष कटान की भेंट चढ़ी सड़क से पानी का तेज बहाव हो रहा है। यहां पर नाव चलाई जा रही है। मंगलवार को नायब तहसीलदार अशोक कुमार शुक्ला जयराजमऊ पहुंचे और नाव से पसनियाखेड़ा व सीतारामखेड़ा पहुंचे। उन्होंने बाढ़ का निरीक्षण कर लोगों से समस्याएं पूछीं। नायब तहसीलदार ने बताया कि सड़क के कटान स्थल पर प्रभाव तेज होने से नाव लगाई हैं। गांव के अंदर अभी कोई समस्या नहीं है।
खाद्यान्न सामग्री पहुंचाने के लिए भी व्यापारियों से बात कर गंगानगर मार्ग से आवागमन करने के लिए कहा गया है। वहीं, गढ़ेवा में इस बार गंगा की धारा फतेहपुर की ओर होने के चलते इधर कटान नहीं हो रहा है। केवल जलस्तर बढ़ने से पानी गांव की ओर बढ़ने के बाद स्थिर हो गया है। पुल तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग से आवागमन चालू है। ग्राम प्रधान प्रति बैजनाथ लोधी ने बताया कि यदि लगातार जलस्तर बढ़ा तो जानवरों के लिए समस्या होगी। कटान का अभी तक कोई खतरा नहीं दिख रहा क्योंकि गंगा की धारा इस बार फतेहपुर की ओर मुड़ गई है।
बांगरमऊ एसडीएम नम्रता सिंह व तहसीलदार रामाश्रय ने फतेहपुर चौरासी की ग्राम पंचायत जाजामऊ एहतमाली का निरीक्षण किया। एसडीएम ने चिरंजूपुरवा कुशेहर बंगला डामरीकृत मार्ग के ऊपर बह रहे गंगा के पानी से ग्रामीणों को आवागमन में हो रही दिक्कत के चलते लोक निर्माण विभाग को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं, दबौली गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन में स्थापित बाढ़ चौकियों में साफ सफाई शुरू करा दी गई है। दबौली के लेखपाल निर्मल ने बताया कि बाढ़ चौकियों में साफ-सफाई के साथ बिजली, पानी आदि की व्यवस्था कर दी गई है। अभी आबादी प्रभावित नहीं है।
बांगरमऊ एसडीएम नम्रता सिंह और तहसीलदार रामाश्रय ने कटरी गदनपुर आहार ग्राम पंचायत पहुंचकर गंगा नदी का जलस्तर देखा। कानूनगो विवेक पटेल ने बताया कि प्राथमिक पाठशाला फरीदपुर कट्टर तथा जगत नगर में बाढ़ चौकी खोली गई है। सीएचसी प्रभारी मुकेश सिंह समेत अन्य तहसील कर्मी मौजूद रहे।
कोट-
उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश से पूर्व में नरौरा बांध से पानी छोड़ा गया था। जिसे गंगा बैराज पर रोका गया। हालांकि क्षमता से अधिक पानी आने पर गंगा बैराज से भी छोड़ गया। जिससे यह कटरी क्षेत्र के गांवों तक पहुंच गया है। हालांकि यह ज्यादा दिन नहीं रहेगा। अगले कुछ दिन में पानी कम हो जाएगा। फिर भी बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी हैं।
- गौरांग राठी, डीएम।