संवाद न्यूज एजेंसी
बांगरमऊ। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर कोतवाली के पास स्थित एक मशीनरी स्टोर में सोमवार रात आग लग गई। धुआं निकलते देख मकान मालिक ने सबमर्सिबल से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन लपटें तेज होती गईं। इससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अग्निशमन जवानों ने दो दमकलों की मदद से करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। शार्ट शर्किट से आग लगने का अंदेशा है। पीड़ित के अनुसार करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है।
मेला रामकुंवर गांव के पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह की नगर के हरदोई-उन्नाव मार्ग पर कोतवाली के पास न्यू सुशीला मशीनरी स्टोर के नाम से दुकान संचालित है। सोमवार शाम वह दुकान बंद कर गांव चले गए। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मकान मालिक दिलीप यादव ने दुकान से धुंआ निकलते देखा और सूचना संचालक को दी साथ ही सबमर्सिबल चालू कर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। करीब आधा घंटे बाद दुकान संचालक भी मौके पर पहुंच गए। आग की लपटें बढ़ती देख सूचना दमकल को दी गई। फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। दुकान मालिक के मुताबिक आग से मोबिल ऑयल, ग्रीस समेत अन्य पुर्जे व उपकरण जल गए। अनुमान है कि शार्ट शर्किट से आग लगी है। कोतवाल ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात कारणों से आग लगने की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।