सोनिक। दही औद्योगिक क्षेत्र के साइड नंबर दो स्थित एक लोहे के एंगल बनाने वाली फैक्टरी के परिसर में रखे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। फैक्टरी कर्मियों ने पॉवर हाउस फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
आग की लपटों ने कुछ दूर पर रखे डीजल टैंक को चपेट में ले लिया। उसमें विस्फोट से आग फैक्टरी में फैल गई। दो दमकलों ने एक घंटे में आग पर काबू पाया। फैक्टरी मालिक के अनुसार करीब एक करोड़ के नुकसान का आरोप है।
दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र साइड नंबर दो में जय जगदंबा मेटलायज के नाम से लोहे के एंगल बनाने वाली फैक्टरी संचालित है। फैक्टरी परिसर में ही 5000 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे शार्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर में आग लग गई। फैक्टरी में मौजूद कर्मचारियों ने पॉवर हाउस फोन करके बिजली आपूर्ति बंद कराई और निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सीज फायर और रेत डालने से भी लपटे कम होने के बजाए बढ़ती चली गईं। तार और वायरिंग के साथ आग फैक्टरी परिसर में फैलने लगी। इसी दौरान वहां जनरेटर में उपयोग के लिए रखे डीजल टैंक तक आग पहुंच गई। टैंक फटने से आग काफी दूर तक फैल गई और कई कीमती मशीने व अन्य सामान भी जल लगा।
इसी बीच दो दमकल मौके पहुंचीं और करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी राम मिलन भारती ने बताया कि आग लगने के कारणों और फैक्टरी में अग्नि सुरक्षा प्रबंधों की जांच की जा रही है। फैक्टरी मैनेजर एमएम सिंह ने बताया की ट्रांसफार्मर में आग लगने से करीब एक करोड़ के नुकसान का अनुमान है।