बांगरमऊ। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे पिता की मंगलवार रात मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। राहगीरों की नजर पड़ी तो उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव लोहानपुरवा निवासी सुंदरलाल (45) खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। बेटी की 18 अप्रैल को बरात आनी है। वह बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा था।
सोमवार देर शाम भी वह किसी काम से घर से पैदल निकला था। बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग पर नौबतगंज गांव के पास कोई वाहन टक्कर मारते हुए निकल गया। काफी देर तक सड़क किनारे पड़ा रहने से अधिक खून बह गया। इससे उसकी हालत और गंभीर हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना देकर उसे स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल राजकुमार ने बताया कि वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेटी की बरात पर संशय
मृतक सुंदरलाल की बेटी अंकिता की शादी गंजमुरादाबाद में तय थी। 18 अप्रैल को बरात आनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। मृतक के ताऊ देवीचरन ने बताया कि शादी के कार्ड बट चुके हैं। सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।