नवाबगंज। लखनापुर-नवाबगंज लिंक मार्ग पर डंपर की टक्कर से बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। पुलिस के देर से पहुंचने और चालक के डंपर छोड़कर भाग जाने से नाराज भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों ने इस संकरे लिंक मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने और स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। क्षेत्रीय लेखपाल ने उनकी बात एसडीएम तक पहुंचाने का आश्वासन देकर सभी को शांत कराया।
अजगैन कोतवाली के लखनापुर गांव निवासी किसान राजाराम पासवान (70) शनिवार दोपहर करीब 12:30 सड़क पार कर धान की फसल काटने खेत जा रहे थे। लखनापुर-नवाबगंज लिंक मार्ग पर नवई की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने राजाराम को पीछे से टक्कर मार दी और मौके से भाग निकला।
हादसे में किसान की मौके पर मौत हो गई। सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पहुंचे आक्रोशित परिजनों ने लिंक मार्ग पर शव रख जाम लगा दिया। कोतवाल अवनीश सिंह ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने और तहसील से अधिकारियों को बुलाने पर अड़ गए।
जाम की सूचना पर लेखपाल सुमित कुमार साहू से परिजनों ने गांव के दोनों छोर पर स्पीड ब्रेकर बनाएं जाने व लिंक मार्ग से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ मुआवजे की मांग की। लेखपाल ने मांगों को एसडीएम तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
तब करीब ढाई घंटे बाद जाम खुला और पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पति की मौत से पत्नी शिवदुलारी, तीन बेटे और एक बेटी बेहाल हैं। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग निकला।
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। डंपर कब्जे में है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
हादसे का शिकार हुए राजाराम पासवान के पौत्र गोलू (18) को भी तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी थी। इससे उसका पैर और हाथ बेकार हो गए थे। परिजन अभी उसी की दिव्यांगता का दंश झेल रहे थे कि घर के मुखिया की भी हादसे में मौत हो गई।
एसडीएम हसनगंज नवीनचंद्र ने बताया कि परिजनों की मांगें जायज हैं। अजगैन कोतवाली प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लिंक मार्ग से वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही स्पीड ब्रेकर भी बनवाया जाएगा। घटना की जांच कर पात्रता होने पर मृतक के परिजनों को कृषक बीमा योजना का लाभ दिलवाया जाएगा।