उन्नाव। आदर्श नगर मोहल्ले में 11 दिन पहले फंदे से लटकी मिली महिला के परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रविवार से बेमियादी अनशन शुरू कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। सदर विधायक ने गिरफ्तारी न होने पर खुद उनके साथ सोमवार को अनशन पर बैठने की बात कही तो परिजन मान गए।
आदर्श नगर में 31 अगस्त को आक्षांसी का शव घर में फंदे से लटका मिला था। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगा पति, सास, ससुर, ननद और नंदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पति व ससुर को जेल भेज दिया था। जबकि सास, ननद और नंदोई फरार हैं। कई बार पुलिस से कहने के बाद भी जब गिरफ्तारी नहीं हुई तो रविवार को परिजन कलक्ट्रेट के बगल में बनी झाड़ी शाह बाबा मजार के निकट धरने पर बैठ गए।
अनशन की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट विजेता और सीओ सिटी आशुतोष कुमार परिजनों से मिले। परिजनों ने गिरफ्तारी के पहले किसी भी प्रकार के समझौते से मना कर दिया। बाद में सदर विधायक पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। सीओ से सिटी से जल्द गिरफ्तारी करने की बात कही है।