उन्नाव। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन का शासनादेश जारी होने पर खुशी जताई है।
निराला पार्क में हुई इकाई की बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि सरकार का फैसला शिक्षकों और कर्मचारियों के हित में है। बताया कि ऐसे शिक्षक व कर्मचारी जिनकी नियुक्ति का विज्ञापन एनपीएस योजना लागू किए जाने के लिए 28 मार्च 2005 से पूर्व जारी हुआ था लेकिन सेवा में एक अप्रैल 2005 के बाद आए हैं, उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ मिल सकेगा।
इसका 28 जून 2024 को शासनादेश भी जारी कर दिया गया। संगठन के महामंत्री अमित सिंह बताया कि सरकार के इस फैसले से जिले में परिषदीय विद्यालयों के लगभग 750 शिक्षक लाभान्वित होंगे। विशिष्ट बीटीसी 2004 के 600 शिक्षक शिक्षिकाओं के अलावा बीटीसी 2001 व कुछ अन्य शिक्षक भी पुरानी पेंशन का लाभ पाएंगे। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक पिछले 19 वर्षों से संघर्ष कर रहे थे।
बैठक में पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। सभी ने बैठक के बाद शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल के आवास पर जाकर उनका मुंह मीठा कराकर आभार जताया। बैठक में अनिल कनौजिया, महेंद्र कुमार, विजय प्रताप सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, संजय सिंह, सुनील कुमार, प्रत्यूष मिश्रा आदि मौजूद रहे।