परीक्षा प्रश्नपत्र लिए शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षा के लिए मंगाए गए प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बच्चों तक पहुंचने से पहले ही भंग हो गई। डायट के कोठार केंद्र पर खुले प्रश्नपत्र पड़े मिले। डायट प्राचार्या की ओर से बीएसए को जानकारी देने के बाद जिम्मेदार हरकत में आए और गुरुवार रात आननफानन में प्रश्नपत्रों को सील कराने का कार्य शुरू हुआ तो शुक्रवार दोपहर तक चलता रहा।
14 मार्च से बेसिक शिक्षा विभाग की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसके लिए गुरुवार को मेरठ के रजिस्ट्रेशन नंबर की गाड़ी प्रश्नपत्र लेकर आई थी। डायट कैंपस में जब गाड़ी पहुंची तो वहां बीएसए व डायट के कर्मचारी पहले से मौजूद थे।
गाड़ी से बंडलों को उतारने का काम शुरू हुआ तो उसमें 50 फीसदी बंडल खुले थे। इतना ही नहीं जब बंडलों को गाड़ी से नीचे उतारा गया तो बंडल से कई विषयों के प्रश्नपत्र फर्श पर गिरे। इसका पता चलते ही कर्मचारियों ने आननफानन प्रभनश्नपत्र समेटे और कोठार में रख दिए।
जानकारी होने पर डायट प्राचार्या ने बीएसए को प्रभनश्नपत्रों को सील कराने को कहा। प्रश्नपत्रों के बंडल खुले होने की सूचना मिलते ही बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे और प्रश्नपत्रों को सील कराने की कवायद शुरू की। स्थित यह है कि शुक्रवार दोपहर तक रूम बंद कर कर्मचारी प्रश्नपत्रों को सील करते रहे। वहीं निगरानी के लिए लगाए गए बीईओ बंद रूम को ताकते नजर आए।