सफीपुर। मियागंज सीएचसी के बाहर अतिक्रमण को तहसील प्रशासन ने सख्ती कर हटवाया। कार्रवाई से सड़क और रास्ता घेर कर दुकानें लगाए लोगों में खलबली मच गई।
आसीवन थाना क्षेत्र गांव महोलिया निवासी मनोज कुमार ने 25 जुलाई को एसडीएम हसनगंज को शिकायती पत्र दिया था। बताया था कि मियागंज सीएचसी के गेट के रास्ते पर कब्जा करके तेज प्रकाश व अन्य दुकानदार पान मसाला व बीड़ी, सिगरेट बेच रहे हैं। इससे सीएचसी आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल कुलदीप ने जांच की थी। इसके बाद कार्रवाई न होने पर मनोज ने 29 जुलाई को डीएम व सीएमओ को शिकायती पत्र दिया था। इसके बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर मनोज ने एक सप्ताह पहले उच्च न्यायालय में वाद दायर किया था।
लखनऊ मुख्यालय के अधिकारियों से लेकर डीएम, सीएमओ, एसडीएम, सीएचसी अधीक्षक व तेजप्रकाश मिश्रा को पार्टी बनाया था। न्यायालय ने नोटिस जारी करके प्रशासन से जवाब मांगा तो अधिकारियों में खलबली मच गई। आनन-फानन मंगलवार को हसनगंज नायब तहसीलदार आशुतोष पांडेय, कानूनगो अनिल पांडेय, लेखपाल महेंद्र कुमार यादव व हल्का इंचार्ज श्याम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जेसीबी की सहायता से सीएचसी द्वार पर लगी दुकानों को हटवा दिया।