असोहा। कालूखेड़ा-भल्लाफार्म मार्ग पर सेरवईया मोड़ के पास तेज रफ्तार वैन चालक ने बाइक सवार बिजली मैकेनिक को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त वह हेलमेट नहीं लगाए था।
असोहा थाना क्षेत्र के गांव समाधा निवासी बिजली मैकेनिक अनंत कुमार (38) कालूखेड़ा गांव में वायरिंग करने गया था। देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। कालूखेड़ा-भल्लाफार्म मार्ग पर सेरवईया मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार वैन ने टक्कर मार दी, इससे अनंत गंभीर रूप से घायल हो गया। वैन पेड़ में टकराने से गड़रियनखेड़ा गांव निवासी चालक कृष्णपाल भी घायल हो गया।
दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर किया गया। डॉक्टर ने अनंत कुमार को मृत घोषित कर दिया। वह पांच भाइयों में छोटा था। पति की मौत से पत्नी लक्ष्मी और बेटा पीयूष बेहाल हैं। एसओ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।