औरास। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर औरास थाना क्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव के सामने कार का टायर फटने से सेप्टी ग्रिल से टकरा गई। हादसे में चुनाव आयुक्त भारत सरकार की वृद्ध मां और कार चालक घायल हो गया। घायलों को औरास सीएचसी से लखनऊ रेफर किया गया है।
महानगर लखनऊ निवासी पुष्पा देवी (72) अपने बेटे चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय से मिलने एक्सप्रेसवे के रास्ते कार से दिल्ली जा रही थीं। रविवार की सुबह औरास थानाक्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव के पास टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर स्टील की सेफ्टी ग्रिल से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में बैठी पुष्पा देवी और कार चला रहा महानगर लखनऊ का ही निवासी चालक राजन (34) घायल हो गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने घायलों को सीएचसी औरास में भर्ती कराया गया। उन्हें लखनऊ के ग्लोबल हास्पिटल रेफर कर दिया गया। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी अली शेर खान ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को टोल प्लाजा लखनऊ भेजा गया।