उन्नाव। विदेश (ओमान) में मां को कंटेनर के अंदर बंधक बनाने की शिकायत बेटी ने एसपी से की है। एसपी से शिकायत के बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की है।
सदर कोतवाली के मैमूना की भूरी देवी एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बुधवारी निवासी एक महिला व उसके भाई ने मां को सिलाई की अच्छी नौकरी का लालच देकर 29 अप्रैल 2019 को नौकरी के लिए ओमान भेज दिया। इसके बदले में उन्होंने उससे एक लाख रुपये भी लिए। मैमूना ने बताया कि विदेश भेजने के बाद उसका मां फरीदा से काफी दिनों तक संपर्क नहीं हो सका। उसने जब विदेश भेजने वाली महिला व उसके भाई पर दबाव बनाया तब उन्होंने 15 दिन पहले उसकी मां से बात कराई। इस दौरान मां ने फोन पर बताया कि उसे एक कंटेनर में बंधक बनाकर रखा गया है। जिसमें कई अन्य महिलाएं व लड़कियां हैं। उसे सिर्फ इतना भोजन दिया जाता है कि मौत न हो। पीड़िता ने विदेश भेजने वाली महिला व युवक से जब मां को वापस बुलाने की बात कही तो उन्होंने उसे धमकी दी। इसके बाद वह लगातार पुलिस के पास दौड़ती रही। एक बार पुलिस आरोपी को पकड़कर भी लाई, पर उसे छोड़ दिया। बुधवार को बेटी एसपी के पास पहुंची और शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की है। सदर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शिकायती पत्र एसपी कार्यालय में दिया गया था। मामले की जांच की जा रही है।