बीघापुर। राजा राव राम बक्स सिंह के किले में लगी राव साहब की प्रतिमा को मुख्यमंत्री द्वारा नौ अक्तूबर को संभावित लोकार्पण किए जाने को लेकर डीएम ने डौंडियाखेड़ा पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम अपूर्वा दुबे ने गुरुवार दोपहर तीन बजे डौंडियाखेड़ा स्थित राजा राव राम बख्श सिंह के किले पहुंचकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। डीएम ने सीडीओ ऋषिराज, एसडीएम क्षितिज द्विवेदी व बीडीओ संध्या रानी से आने जाने के मार्ग, वीआईपी दीर्घा, मंच व हेलीपैड स्थल बनाए जाने की चर्चा की। बीडीओ को गंगा आरती स्थल, नवनिर्मित घाट, मंदिर परिसर की साफ-सफाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किला परिसर में स्थित अंग्रेजों द्वारा क्षत-विक्षत कर दिए गए रामेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर चर्चित सोना खुदाई स्थल का भी निरीक्षण कर उसके सुंदरीकरण की बात कही। निरीक्षण के दौरान बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति के प्रबंधक हरिओम सिंह, मुन्ना सिंह बक्सर, तहसीलदार नरेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार अशोक शुक्ला, क्षेत्राधिकारी माया राय, प्रधान शीला सिंह, अजय पाल सिंह, श्याम सिंह, रिंकू सिंह, रमाकांत पांडेय, लाला लोधी व पंकज पांडेय मौजूद रहे।