फतेहपुर चौरासी (उन्नाव)। मायके आई पत्नी को लेने आए पति का उससे विवाद हो गया। इसी दौरान आवेश में आकर पहले पत्नी ने फिर पति ने जहर खा लिया। परिजनों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मां ने दामाद पर बेटी (पत्नी) को जहर देकर खिलाने और खुद भी खाने का आरोप लगाया है। अस्पताल में दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हरदोई जिले के कासिमपुर थानाक्षेत्र के रसूलपुर निवासी रामजीवन का पुत्र संजय (22) लखनऊ में टिफिन सर्विस का काम करता है। उसकी शादी फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गजफ्फरपुर पैसरा निवासी रमेश की बेटी सोनम (20) के साथ एक साल पहले हुई थी। सात दिन पहले सोनम के पिता रमेश के पैर फ्रैक्चर हो गया था।
इससे वह मायके आ गई थी। रविवार को संजय उसे लेने ससुराल आया था। सात दिन बाद पिता के निजी अस्पताल से घर आने और मां सीता के एक रिश्तेदारी में होने से उसने पति के साथ जाने से इन्कार कर दिया था। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बात इतनी बढ़ी की पुलिस तक मामला पहुंच गया। पुलिस ने आपसी मामला होने से मामला शांत करा दिया।
सोमवार को फिर से दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इससे नाराज होकर पहले पत्नी ने घर पर जहर खाया। पत्नी के जहर खाने की जानकारी पर पति ने भी जहर निगल लिया। वह कालीमिट्टी चौराहे पर बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। एसओ अनुराग सिंह ने बताया कि पति पत्नी ने आपस में विवाद के बाहर जहर निगल लिया। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।