उन्नाव। अधिकारियों के निरीक्षण में गोशालाओं में सुविधाओं की हकीकत खुलकर सामने आई। परिसर में गंदगी और गोबर बिखरा मिला। मवेशियों के लिए हरे चारे व भूसे की कमी मिली। जांच अधिकारियों ने रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने फतेहपुर चौरासी के अहमदाबाद सेननगर में बने गो आश्रयस्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ सफाई देखी। भूखे की उपलब्धता व हरे चारे की जानकारी ली। गो आश्रयस्थल पर संरक्षित मवेशियों की गिनती भी कराई। पुरवा एसडीएम अजीत जायसवाल ने असोहा ब्लाक की मंगतखेड़ा, मझखोरिया व भादिन आदि गोशालाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण की जानकारी पहले से होने के कारण एसडीएम को व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं।
मंगतखेड़ा और मझखोरिया में टीनशेड आंधी में उड़ गए थे जिनको जल्द रखवाने को कहा। प्रधान मनोज दुबे, विकास अवस्थी व लेखपाल मर्दन सिंह आदि मौजूद रहे। पुरवा में एडीओ पंचायत रवींद्र प्रसाद ने गोशालाओं का निरीक्षण किया। बनिगांव में व्यवस्थाएं ठीक मिलीं।
एडीओ पंचायत असोहा राकेश सिंह व पशुचिकित्सक डॉ. प्रमोद सचान ने पासाखेड़ा, रामाअमरापुर, नाथीखेड़ा का निरीक्षण किया। नाथीखेड़ा में भूसा गोशाला के बाहर तिरपाल से ढका मिला तो भूसा कक्ष बनाने निर्देश दिए। नलकूप विभाग के अधिशाषी अभियंता हर सिंह राणा व उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने चमियानी, महरामऊ व भाटमऊ का निरीक्षण किया।
चमियानी में प्रकाश व्यवस्था न होने पर बीडीओ डॉ. संतोष श्रीवास्तव ने सोलर लाइट लगवाने को कहा। मियागंज के एडीओ पंचायत निर्मल यादव दरेहटा पहुंचे। कोडरा व मुहीउद्दीनपुर गोशाला में साफ सफाई ध्वस्त मिली। दोनों गोशालाओं में कीचड़ पाया गया।
सफीपुर व बीघापुर में भी निकले अधिकारी
सफीपुर एडीओ पंचायत छोटेलाल ने लहरपुर, खरगौरा व महमूदपुर गोशाला का निरीक्षण किया। खरगौरा में आंशिक रूप से टीनशेड छतिग्रस्त था। यहां बिजली और सबमर्सिबल नहीं मिला। बीघापुर की कान्हा गोशाला का एसडीएम दयाशंकर पाठक ने निरीक्षण किया। गोवंश की संख्या का मिलान किया जो ठीक मिला। साफ सफाई पर केयरटेकर सुरेश चंद्र शुक्ल का उत्साहवर्धन किया। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद नारायण शुक्ल, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश सचान व अधिशाषी अधिकारी राजेश कुमार दुबे भी मौजूद रहे।
---
लंपी वायरस को लेकर भी अधिकारी अलर्ट
उन्नाव। गोवंशीय में होने वाले लंपी वायरस को लेकर पशुपालन विभाग के अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल दतात्रेय पांडे ने बताया कि विभागीय डॉक्टरों को गूगल मीट के जरिए निर्देश दिए गए हैं कि लंपी वायरस को लेकर गोशालाओं का प्रतिदिन निरीक्षण करते रहे। यदि किसी भी गोशाला में कोई गोवंशीय इससे प्रभावित नजर आए तो तुरंत सूचना दें। इसके बाद गोवंशीय को अन्य मवेशियों से अलग कर दें। बताया कि जिले में अभी किसी भी मवेशी में इसके लक्षण नहीं मिले हैं। गोशालाओं में सैनिटाइजेशन भी कराने के आदेश दिए गए हैं। (संवाद)