उन्नाव। ईदगाह गांधी मोहल्ला निवासी अधेड़ की गुरुवार सुबह अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने भर्ती कर दिया। कुछ ही देर बाद मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची और सीएमएस को भी बुलाया गया। मृतक के बेटे ने इलाज में लापरवाही का प्रार्थनापत्र दिया और बगैर पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए।
ईदगाह गांधी नगर मोहल्ला निवासी विजय कुमार अग्निहोत्री (50) की गुरुवार सुबह करी 11 बजे अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे। इमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉ. आरके रमन ने भर्ती कर इलाज शुरू किया। लेकिन पंद्रह मिनट बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे शिखर अग्निहोत्री ने डॉक्टर व अन्य स्टॉफ की ओर से पिता को न देखे जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से वार्ता की। इलाज में लापरवाही की सूचना पर पहुंचे सीएमएस ने भी ईएमओ से मामले की जानकारी ली। मृतक के बेटे ने डॉक्टर और मौजूद स्टॉफ के खिलाफ तहरीर दी और शव बिना पोस्टमार्टम कराए साथ लेकर चले गए।
सीएमएस डॉ. सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगा प्रार्थनापत्र दिया है। जांच कराई जाएगी।