उन्नाव जिले में गंजमुरादाबाद के रसूलपुर मझिगवां गांव में मंगलवार सुबह युवक का शव एक्सप्रेसवे के पास पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार रुपयों के लेनदेन में हुई पारिवारिक कलह से वह परेशान था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिंग की पुष्टि हुई।
बांगरमऊ कोतवाली के गांव जसरापुर के मजरा रसूलपुर मझिगवां निवासी मुकेश कुमार रैदास (25) मजदूरी करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि एक महीने पहले उसने सात बिसुआ जमीन बांगरमऊ निवासी एक युवक को तीन लाख रुपये में बेची थी। इसके रुपयों को लेकर बड़े भाई व अन्य से विवाद चल रहा था।
घरेलू कलह और रुपये न मिलने से परेशान होकर उसने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे गांव के बाहर एक्सप्रेसवे के पास पेड़ में फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह सात बजे सोकर उठे बड़े भाई ने मुकेश कुमार को कमरे में न देख तलाश शुरू की तब घटना की जानकारी हुई। बड़े भाई ने बताया कि मुकेश की शादी पांच साल पहले किरन से हुई थी।