बांगरमऊ (उन्नाव)। बांगरमऊ-संडीला रेलवे क्रॉसिंग के पास बिजली के खंभे में करंट उतरने से चपेट में आकर किशोर की मौत हो गई। वह मामा के साथ अपनी ननिहाल जा रहा था। रास्ते में हादसा हो गया।
कन्नौज जिले के थाना ठठिया के गांव सरसैयन पुरवा भदोसी निवासी वीरेंद्र यादव का पुत्र संजय (17) मंगलवार शाम क्षेत्र के ग्राम गोसाप्रयागपुर निवासी मामा अरविंद के साथ ट्रैक्टर में बैठकर ननिहाल जा रहा था। बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास नाश्ता करने के लिए रुके। संजय एक दुकान पर पानी के बताशा खाने लगा।
बताशा खाने के दौरान वह बिजली के खंभे में टेक लगाकर खड़ा हो गया, तभी करंट की चपेट में आ गया। मामा अरविंद व आसपास मौजूद लोगों ने उसे डंडे आदि की मदद से पोल से हटाया। गंभीर रूप से झुलसे संजय को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल राजकुमार ने बताया कि बारिश के कारण पोल में करंट उतरने से किशोर की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।