हसनगंज। बारिश के चलते सई नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के 12 गांवों में किसानों की डेढ़ सौ बीघा धान की फसल के साथ तरोई, बैंगन, करेला व लौकी भी जलमग्न हो गई। जिससे किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
हसनगंज ब्लाक क्षेत्र के रसूलपुर बकिया, अहमदपुर टकटौली, फकरुकदीनपुर, बिचपरी, नींदेमऊ, हसनगंज, मोहान, भोगला व आदमपुर बरेठी आदि गांव सई नदी के किनारे बसे हैं। इस समय रुक-रुककर हो रही बारिश से सई नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे पानी किसानों के खेत में भर गया और उनकी धान, तरोई, बैगन, लौकी व करेला आदि फसल जलमग्न हो गई। किसानों में संदीप, कपिल, सोनू सिंह, हर मोहन, भगौती, अनिल, ननकऊ आदि ने बताया कि अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से फसलों को नुकसान हुआ है। एसडीएम नवीन चंद्र ने बताया कि लेखपाल को भेज कर नुकसान की जांच कराई जाएगी।